भारत का एक युद्धक विमान दुर्घटनाग्रस्त, चालक सुरक्षित
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार भारत की वायुसेना का मिराज 2000 मध्यप्रदेश के भिंड ज़िले में गिरकर तबाह हो गया लेकिन चालक सुरक्षित बच गया।
यह घटना भिंड के बरौली क्षेत्र के पास मनकाबाग गांव में हुई, जो राज्य की राजधानी भोपाल से लगभग 500 किलोमीटर दूर है।
एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा लिए गए वीडियो में पायलट को पैराशूट की मदद से आसानी से नीचे उतरते हुए दिखाया गया है हालांकि चालक को मामूली चोटें आई हैं।
भिंड जिले के एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि दुर्घटना के तुरंत बाद विमान में आग लग गई और पायलट ने खुद को सुरक्षित रूप से बचा लिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि ग्रामीणों ने विमान को देखा और स्थानीय पुलिस को सूचित किया। एक टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
हवाई अड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि विमान ने सुबह ग्वालियर के महाराजपुरा एयरबेस से उड़ान भरी थी।
भारतीय वायुसेना ने कहा कि मिराज 2000 विमान को आज सुबह मध्य क्षेत्र में एक प्रशिक्षण उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा। भारतीय सेना ने इसके बारे में अधिक जानकारी नहीं दी और इस संबंध में एक विज्ञप्ति जारी करके कहा है कि इस घटना के कारणों की जांच आरंभ हो गयी है। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए