मोदी की सरकार हर क्षेत्र में असफलः सुब्रमण्यम स्वामी
https://parstoday.ir/hi/news/india-i106394-मोदी_की_सरकार_हर_क्षेत्र_में_असफलः_सुब्रमण्यम_स्वामी
भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने गुरुवार को भारत की मोदी सरकार को फेल बताया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Nov २५, २०२१ १७:५५ Asia/Kolkata
  • मोदी की सरकार हर क्षेत्र में असफलः सुब्रमण्यम स्वामी

भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने गुरुवार को भारत की मोदी सरकार को फेल बताया है।

सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि यह सरकार, शासन के लगभग हर पहलू पर असफल रही है।  स्वामी का यह बयान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी से मुलाकात करने के एक दिन बाद आया है।

हिंदुस्तान के अनुसार स्वामी ने कहा कि मोदी सरकार अर्थव्यवस्था और सीमा सुरक्षा के क्षेत्र में विफल रही है। सुब्रमण्यम स्वामी ने आंतरिक सुरक्षा के मामले पर भी मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने मौजूदा सरकार पर कश्मीर को लेकर उदासीन रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया है।

बुधवार को भाजपा नेता स्वामी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की प्रशंसा की थी। स्वामी ने ममता की तुलना जयप्रकाश नारायण, मोरारजी देसाई, राजीव गांधी, चंद्रशेखर और पी वी नरसिम्हा राव जैसे नेताओं से कर डाली। उन्होंने ट्वीट करके कहा है कि भारतीय राजनीति में यह एक दुर्लभ गुण है।

याद रहे कि सुब्रमण्यम स्वामी सोशल मीडिया पर मोदी सरकार की आलोचना करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर चीन हमारे परमाणु हथियारों से नहीं डरता तो हम उनके परमाणु हथियारों से क्यों डरते हैं।  इससे एक दिन पहले उन्होंने मूल्य वृद्धि पर एक ट्वीट का जवाब देते हुए कहा था कि वे अर्थात नरेन्द्र मोदी अर्थशास्त्र नहीं जानते।