कश्मीर, पुलवामा मामले की ग़लत रिपोर्टिंग पर पत्रकार तलब
https://parstoday.ir/hi/news/india-i109002-कश्मीर_पुलवामा_मामले_की_ग़लत_रिपोर्टिंग_पर_पत्रकार_तलब
जम्मू एवं कश्मीर पुलिस ने पुलवामा ज़िले में बीते सप्ताहांत में हुई मुठभेड़ की जांच के संबंध में चार पत्रकारों को तलब किया है। 30 जनवरी को हुई इस मुठभेड़ में सेना ने जैशे मुहम्मद के कमांडर सहित उसके साथियों को मार गिराया गया था।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb ०३, २०२२ १०:३३ Asia/Kolkata
  • कश्मीर, पुलवामा मामले की ग़लत रिपोर्टिंग पर पत्रकार तलब

जम्मू एवं कश्मीर पुलिस ने पुलवामा ज़िले में बीते सप्ताहांत में हुई मुठभेड़ की जांच के संबंध में चार पत्रकारों को तलब किया है। 30 जनवरी को हुई इस मुठभेड़ में सेना ने जैशे मुहम्मद के कमांडर सहित उसके साथियों को मार गिराया गया था।

अधिकारियों का कहना है कि टीवी के एक प्रमुख कमेंटेटर माजिद हैदरी, ऑनलाइन पोर्टल ‘न्यूक्लिक’ के पत्रकार कामरान यूसुफ़ और’ फ्री प्रेस कश्मीर’ के पत्रकार वक़ार सैयद को सोमवार को पुलवामा में पुलिस ने पूछताछ के लिए तलब किया।

ज्ञात रहे कि माजिद हैदरी इससे पहले कश्मीर के सबसे बड़े अंग्रेज़ी समाचार पत्र से जुड़े थे।

इस मामले में ‘कश्मीर वाला’ पत्रिका के संपादक फ़हद शाह चौथे पत्रकार हैं, जिनसे पूछताछ की गई। शाह से पहले भी उनके काम को लेकर पूछताछ की जा चुकी है, वे अंतर्राष्ट्रीय प्रकाशनों के लिए भी लिखते रहे हैं।

सूत्रों का कहना है कि तीन पत्रकारों से पुलवामा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कार्यालय और पुलवामा पुलिस थाने में 31 जनवरी को उनके कामकाज को लेकर पूछताछ की गई, हालांकि, पुलिस ने उन्हें पूरे दिन रोककर रखा, शाम को इन्हें घर जाने की इजाजत दी गई। सूत्रों का कहना है कि उनसे आगे भी पूछताछ हो सकती है।

स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक़, पत्रकारों से पुलवामा के नायरा गांव में 30 जनवरी को रातभर हुई मुठभेड़ की कथित ग़लत रिपोर्टिंग को लेकर पूछताछ की गई, इस मुठभेड़ में एक अधिकारी सहित दो गरुड़ कमांडो घायल हो गए थे।

पुलवामा में जिस घर में मुठभेड़ हुई, उस घर के मालिक के बेटे इनायत अहमद मीर इस मुठभेड़ में मारे गए चौथे शख्स हैं। आधिकारिक बयान के मुताबिक़, पुलिस ने कहा कि इनायत हाल ही में आतंकी ग्रुप में शामिल हुआ था, हालांकि, इस बयान में उसके किसी पुलिस रिकॉर्ड का उल्लेख नहीं किया गया।

इनायत के परिवार ने रविवार को श्रीनगर में पुलिस कंट्रोल रूम के बाहर प्रदर्शन कर बेटे के शव की मांग की।

फ़्री प्रेस कश्मीर सहित कश्मीर के स्थानीय न्यूज पोर्टल ने अपनी रिपोर्ट में इनायत के परिवार के दावों को जगह दी। फ़्री प्रेस कश्मीर ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर इसकी रील भी बनाते हुए कहा कि परिवार और पुलिस के दावे विरोधाभासी हैं। कश्मीर वाला ने मुठभेड़ को लेकर दोनों पक्षों के वर्जन को पेश किया।

हालांकि, मामले में रोचक मोड़ तब आया, जब इनायत की पांच बहनों में से एक बहन से पुलिसकर्मियों ने पूछताछ की, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

इनायत की यह बहन विवाहित है और उनकी उम्र 30 से 35 साल के बीच है, इस वीडियो में उनके परिवार के सदस्यों के अपने भाई के निर्दोष होने दावों का खंडन करती हैं। वीडियो में इनायत की बहन को पुरुष पुलिसकर्मियों के मुठभेड़ के बारे में पूछे गए सवालों से असहज होते देखा जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि पुलिस के पूछताछ नियमों के मुताबिक, किसी भी महिला संदिग्ध से महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पूछताछ की जाती है लेकिन इनायत की बहन को वीडियो में कथित तौर पर पुरुष पुलिसकर्मियों से घिरा देखा जा सकता है, जो उनसे मुठभेड़ को लेकर सवाल पूछ रहे हैं। (AK)

 

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर  पर हमें फ़ालो कीजिए