फ़्रांसीसी राष्ट्रपति से नरेन्द्र मोदी की मुलाक़ात, महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ़्रांस के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों के साथ एलिसी पैलेस में बातचीत की।
एलिसी पैलेस, फ्रांस के राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास है जो पेरिस में स्थित है। भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मैक्रों के बीच हुई चर्चा के बारे में बताते हुए विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने कहा कि दोनों नेताओं ने रक्षा, अंतरिक्ष, असैन्य परमाणु सहयोग और लोगों से लोगों के बीच संबंधों सहित द्विपक्षीय संबंधों के सभी प्रमुख क्षेत्रों पर व्यापक चर्चा की। क्वात्रा ने यह भी कहा कि भारत और फ्रांस एक दूसरे को हिंद-प्रशांत क्षेत्र में प्रमुख साझेदार के रूप में देखते हैं।
भारत के विदेश सचिव ने यह भी जानकारी दी कि अगस्त 2019 के बाद से प्रधानमंत्री मोदी की फ्रांस की यह पहली यात्रा है। क्वात्रा ने कहा कि दोनों नेता फोन कॉल और पत्रों के माध्यम से नियमित संपर्क में रहे हैं। वे पिछले साल G-20 शिखर सम्मेलन के मौके पर भी मिले थे। भारत और फ्रांस मज़बूत रणनीतिक साझेदार हैं, दोनों नेता अच्छे दोस्त भी हैं। क्वात्रा ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति मैक्रों को नए सिरे से जनादेश मिला है जो कि दोनों देशों की मौजूदा ताक़त और रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूती प्रदान करेगा।
भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर अपनी यात्रा को सार्थक बताया है। इस मौके पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने फ्रांसीसी समकक्ष, फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-यवेस ले ड्रियन से मुलाकात की। वहीं चर्चा के बाद राष्ट्रपति मैक्रों ने पीएम मोदी के सम्मान में रात्रिभोज का भी आयोजन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन दिवसीय यूरोप यात्रा के अंतिम चरण में जब पेरिस पहुंचे तो भारतीय प्रवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
पेरिस पहुंचने के बाद नरेन्द्र मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि फ्रांस, भारत के सबसे मजबूत साझेदारों में से एक है। वह हमारे देश को विविध क्षेत्रों में सहयोग कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों के यूरोपीय दौरे के समापन के बाद गुरुवार तड़के स्वदेश के लिए रवाना हो गए। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए