भारत का अगला राष्ट्रपति कौन होगा?
https://parstoday.ir/hi/news/india-i114010-भारत_का_अगला_राष्ट्रपति_कौन_होगा
भारत के अगले राष्ट्रपति पद के लिए जहां विपक्ष ने यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, तो वहीं सबकी नजरें NDA के कैंडिडेट पर हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun २१, २०२२ १४:५२ Asia/Kolkata
  • भारत का अगला राष्ट्रपति कौन होगा?

भारत के अगले राष्ट्रपति पद के लिए जहां विपक्ष ने यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, तो वहीं सबकी नजरें NDA के कैंडिडेट पर हैं।

इसके लिए मंगलवार शाम को भाजपा संसदीय दल की मीटिंग हो रही है। इससे पहले भारत के गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू से मुलाकात की। इसके बाद अटकलें शुरू हो गईं कि नायडू ही NDA की तरफ से राष्ट्रपति पद के कैंडिडेट हो सकते हैं। हालांकि, अब तक NDA और भाजपा के किसी नेता ने इस मुलाकात पर टिप्पणी नहीं की है।

इसी बीच विपक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार तय किया है। इसके बाद सिन्हा ने तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने इस बात के संकेत दिए थे कि वे राष्ट्रपति चुनाव की रेस में शामिल होने के लिए तैयार हैं।

सिन्हा ने लिखा- मैं ममता जी का आभारी हूं

सिन्हा ने पोस्ट में लिखा कि ममता जी ने TMC में मुझे जो सम्मान और प्रतिष्ठा दिलाई, उसके लिए मैं उनका आभारी हूं। अब समय आ गया है कि मैं एक बड़े उद्देश्य के लिए पार्टी से अलग हो जाऊं ताकि विपक्ष को एकजुट करने के लिए काम कर सकूं। मुझे उम्मीद है कि ममता जी मेरे इस कदम को स्वीकार करेंगी।

अब तक कई बड़े नेता राष्ट्रपति चुनाव की रेस से पीछे हट चुके हैं। पश्चिम बंगाल के पूर्व गवर्नर गोपालकृष्ण गांधी ने सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव से अपना नाम वापस लिया था। उनसे पहले नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अबदुल्ला ने भी विपक्ष का राष्ट्रपति उम्मीदवार बनने से इनकार कर दिया था।

15 जून को नए राष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 29 जून है। अगर चुनाव कराने की जरूरत पड़ती है, तो यह 18 जुलाई को कराए जाएंगे और जुलाई में ही नतीजे आ जाएंगे। MM

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए