भारतीय प्रधानमंत्री अमेरिका के बाद मिस्र जायेंगे
भारत के प्रधानमंत्री 20 जून से 25 जून के दौरान तीन दिन अमेरिका में रहेंगे जबकि वहां से लौटते हुए दो दिन मिस्र में रहेंगे।
भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और उनकी पत्नी जिल बाइडन के आमंत्रण पर अमेरिका दौरे पर जा रहे हैं जिसके बाद मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फत्ताह अल-सीसी के निमंत्रण पर वह काहिरा जाने वाले हैं।
अमेरिका में भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रपति जो बाइडन और उप राष्ट्रपति कमला हैरिस से मुलाक़ात करेंगे और अमेरिकी कांग्रेस के साझा सत्र को संबोधित करेंगे।
द इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार अभी हाल में ही जम्मू के श्रीनगर में जी 20 के वर्किंग ग्रुप में एक बैठक हुई थी जिसमें चीन, तुर्की और सऊदी अरब के साथ-साथ मिस्र ने भी हिस्सा नहीं लिया था।
2023 के गणतंत्र दिवस के मौक़े पर जब मिस्र के राष्ट्रपति अल-सीसी भारत गये थे उस दौरान दोनों देशों के बीच दोस्ती को आगे बढ़ाने को लेकर अहम समझौते हुए थे और कई बातों पर आपसी सहमति बनी थी।
यह तय किया गया था कि आने वाले पांच सालों में दोनों के बीच मौजूदा 7 अरब डॉलर के व्यापार को बढ़ा कर 12 अरब डॉलर तक किया जाएगा। दोनों देशों की सेनाओं ने इस साल जनवरी में पहली बार साझा सैन्य अभ्यास भी किया था। मिस्र ने भारत से तेजस लड़ाकू विमान, रडार, सैन्य हेलिकॉप्टर और आकाश मिसाइल सिस्टम खरीदने में दिलचस्पी दिखाई थी।
दशकों तक दूसरों से हथियार खरीदने वाला भारत अब रक्षा क्षेत्र से जुड़े उपकरण और हथियार बना रहा है और वह 42 देशों को हथियार बेच रहा है और इस मामले में भारत मिस्र को भी एक खरीदार के रूप में देख रहा है।
भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार वर्तमान समय में भारत की क़रीब 50 कंपनियों ने मिस्र में लगभग 3.15 अरब डॉलर तक का निवेश किया है। ये निवेश केमिकल, ऊर्जा, कपड़ा उद्योग के साथ-साथ एग्री बिज़नेस में है।
मिस्र ने हाल में ब्रिक्स देशों के समूह (ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) का हिस्सा बनने के लिए अपील की है। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए