सिक्किम में बाढ से भारी विनाश, कई मौतें दसियों लापता
https://parstoday.ir/hi/news/india-i128882-सिक्किम_में_बाढ_से_भारी_विनाश_कई_मौतें_दसियों_लापता
भारत के सिक्किम राज्य में अचानक बाढ आने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। 
(last modified 2023-10-05T08:51:51+00:00 )
Oct ०५, २०२३ १३:५७ Asia/Kolkata
  • सिक्किम में बाढ से भारी विनाश, कई मौतें दसियों लापता

भारत के सिक्किम राज्य में अचानक बाढ आने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। 

भारतीय संचार माध्यमों के अनुसार उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील पर बादल फटने से तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आ गई।  इस बाढ के कारण 14 लोगों की मौत हो गई जबकि 26 लोग घायल हो गए।  बाढ की वजह से 23 सैन्यकर्मियों सहित 102 लोग लापता हो गए।

बताया जाता है कि बुधवार को आई आपदा के बाद से अबतक 2,011 लोगों को बचाया गया है जबकि 22,034 लोग इससे प्रभावित हुए हैं।  सिक्किम के 4 जिलों- मंगन, गंगटोक, पाक्योंग और नामची में बाढ़ से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। यहां 22 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं वहीं 2 हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू किया गया है। यहां 26 रिलीफ कैंप लगाए गए हैं।

सिक्किम के इन चारों जिलों में पानी की पाइपलाइन, सीवेज लाइन और 250 से ज्यादा घर टूट गए और 11 ब्रिज तबाह हो गए।  सिक्किम में बाढ़ के कारण 3 हजार पर्यटक फंसे हुए हैं। बिजली गुल है। सैकड़ों गांव मुख्य मार्गों से कट चुके हैं। कुछ इलाकों में दो घंटे में 15 इंच तक बारिश दर्ज की गई। दिखचू, सिंगतम और रांगपो शहर पानी में डूब गए हैं।  ताज़ा बाढ़ में सिक्किम को भारत से जोड़ने वाला नेशनल हाईवे, NH-10 भी बह गया।  सिक्किम की राज्य सरकार ने इस घटना को आपदा घोषित किया है।

याद रहे कि सिक्किम में विगत मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे बादल फटने की घटना घटी थी। वैसे वैज्ञानिकों को आशंका है कि नेपाल में आए भूकंप से सिक्किम की ल्होनक झील टूटी। उसका दायरा एक तिहाई रह गया। जब बादल फटा तो झील इतना पानी रोक नहीं पाई। इससे तीस्ता नदी में बाढ़ आ गई।  बाढ से तीस्ता नदी का जलस्तर 15 से 20 फीट तक बढ़ गया।

नदी से लगे इलाके में ही भारत की आर्मी का कैंप था जो बाढ़ में बह गया।  यहां पर खड़ी 41 गाड़ियां डूब गईं।  बाढ़ के चलते चुंगथांग बांध भी टूट गया। यहां पर सिक्किम का सबसे बड़ा हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट था। बाढ़ के चलते यहां का सारा पावर इन्फ्रास्ट्रक्चर तबाह हो गया।