भारतीय विदेश मंत्री नेपाल पहुंचे
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर भारत और नेपाल के संबंधों को मजबूती देने के लिए 2 दिवसीय दौरे पर गुरूवार को काठमांडू पहुंच गए हैं।
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर 2 दिनों के नेपाल दौरे पर काठमांडू पहुंच गए हैं। उन्होने कहा कि वह नेपाल आकर खुश हैं और देश में अपने कार्यक्रमों को लेकर आशान्वित हैं। जयशंकर नेपाल के विदेश मंत्री के साथ सातवें नेपाल-भारत संयुक्त आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता के लिए बृहस्पतिवार को काठमांडू पहुंचे।
बृहस्पतिवार और शुक्रवार को होने वाली इस बैठक के दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों की समग्र स्थिति की समीक्षा करेंगे। वर्ष 2024 में जयशंकर की यह पहली विदेश यात्रा है। जयशंकर, नेपाल के अपने समकक्ष एन. पी. सउद के साथ भारत-नेपाल संयुक्त आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। इसके साथ ही भारत और नेपाल के बीच कई अहम समझौते हो सकते हैं।
नेपाली विदेश मंत्री सउद ने त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जयशंकर का गर्मजोशी से स्वागत किया। जयशंकर ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि ''2024 के अपने पहले दौरे के लिए नेपाल वापस आकर खुश हूं। अगले दो दिन में होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं।'' भारत-नेपाल संयुक्त आयोग की स्थापना 1987 में हुई थी और यह दोनों पक्षों को द्विपक्षीय साझेदारी के सभी पहलुओं की समीक्षा करने के लिए मंच प्रदान करता है। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए