भारत, पूर्व सेना प्रमुख की किताब में क्यों हो रही है देरी?
ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर अमेज़ॉन इंडिया ने भारत के पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की जीवनी ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’, जो कि अभी तक रिलीज नहीं हुई है, के प्री-बुकिंग ऑर्डर रद्द कर दिए हैं।
यह किताब पहले 15 जनवरी को (जो कि सेना दिवस होता है) रिलीज होने वाली थी। नरवणे की किताब की डिलीवरी की तारीख अब 30 अप्रैल के आसपास दिखाई जा रही है।
रिपोर्टों से पता चला है कि यह किताब केंद्रीय रक्षा मंत्रालय और केंद्रीय विदेश मंत्रालय से ‘मंजूरी मिलने के इंतजार में’ है।
इस किताब में कई रहस्योद्घाटन शामिल हैं, जिनमें पूर्व सेना प्रमुख नरवणे विस्तार से बता रहे हैं कि कैसे उन्हें अगस्त 2020 में चीनी सेना की मूवमेंट से निपटने वाली कठिन परिस्थितियां सौंपी गई थीं और कैसे अग्निपथ योजना ने सशस्त्र बलों को आश्चर्य में डाल दिया था।
वर्तमान सेनाध्यक्ष मनोज पांडे ने इस सप्ताह अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में अग्निवीर के बारे में सेना के भीतर व्याप्त असहजता को तब उजागर कर दिया था, जब उन्होंने विवादास्पद चार वर्षीय योजना पर अपने पूर्ववर्ती नरवणे की टिप्पणियों पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
ऐसी चर्चा थी कि सशस्त्र बल पिछले साल अग्निवीर की 50 फीसदी भर्तियों को स्थायी रूप से शामिल करने पर जोर दे रहे थे, लेकिन विश्लेषकों का कहना है कि राजनीतिक प्रतिष्ठान इस पर सहमत नहीं हुए थे, क्योंकि इसका मतलब होता कि उन्हें अपनी घोषणा से पीछे हटना पड़ता।
सूत्रों का कहना है कि पुस्तक के अध्यायों की समीक्षा विदेश मंत्रालय द्वारा की जा रही है, जबकि कुछ अध्यायों की समीक्षा रक्षा मंत्रालय द्वारा की जा रही है।
जनरल नरवणे 30 अप्रैल 2022 को सेना प्रमुख के पद से सेवानिवृत्त हुए थे और तब से उन्होंने पटियाला के पंजाबी विश्वविद्यालय से रक्षा और रणनीतिक अध्ययन में पीएचडी पूरी की है। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए