कश्मीरियों के अधिकारों का सम्मान करे भारत सरकार
पाकिस्तान ने भारत नियंत्रित कश्मीर में अलगाववादी नेताओं की गिरफ़तारी पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि नई दिल्ली सरकार कश्मीर की जनता के अधिकारों का सम्मान करे।
गुरुवार की शाम पाकिस्तान के विदेशी मामलों के सलाहकार सरताज अज़ीज़ ने ईदुल फ़ित्र के अवसर पर कुछ कश्मीरी नेताओं की गिरफ़तारी पर विश्व जनमत का ध्यान केन्द्रित कराने की कोशिश करते हुए कहा कि यह धार्मिक आज़ादी का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि कश्मीर का मुद्दा पाकिस्तान और भारत के बीच सबसे पुरान और प्रमुख मुद्दा है।
सरताज अज़ीज़ का यह बयान एसे समय सामने आया है जब पठानकोट हमले के बाद से दोनों देशों की वार्ता बाधित है और दोनों की देशों के अधिकारी हालिया दिनों एक दूसरे के विरुद्ध कई बार बयान दे चुके हैं अलबत्ता भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष को ईदुल फ़ित्र की बधाई दी जिसे अच्छा संकेत माना गया है।