कश्मीर में समाचारपत्रों के प्रकाशन पर रोक
कश्मीर के सभी क्षेत्रीय और अंग्रेजी दैनिकों का प्रकाशन रविवार को लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा।
भारत नियंत्रित कश्मीर में रविवार को लगातार 10वें दिन भी कर्फ्यू जारी रहा।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया है कि कश्मीर घाटी के सभी 10 जिलों में कर्फ्यू अभी जारी रहेगा। कश्मीर में जारी तनाव व हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है।
कश्मीर के सभी क्षेत्रीय और अंग्रेजी दैनिकों का प्रकाशन रविवार को लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा। राज्य सरकार के अधिकारियों ने बताया कि समाचार-पत्रों के मालिकों को 19 जुलाई तक प्रकाशन बंद रखने के लिए कहा गया है। राइजिंग कश्मीर के एडिटर शुजात बुखारी ने इस पर कहा कि कश्मीर में प्रेस इमर्जेंसी है। ऐसा नहीं है कि यह पहली बार नहीं हो रहा है लेकिन इस बार तो हमें अखबार छापने से ही रोक दिया गया है। हमें मालूम नहीं कि यह रोक कब हटाई जाएगी।
कश्मीर की ताज़ा स्थिति की जानकारी के लिए हमारे संवाददाता सिब्ते हसन की रिपोर्ट सुनें
राज्य लोक सेवा आयोग पीएससी ने भर्तियों के लिए अगले चार दिनों में निर्धारित सभी साक्षात्कार स्थगित कर दिए गए हैं। घाटी में स्कूल, कॉलेज तथा विश्वविद्यालय भी बंद चल रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि उग्र भीड़ ने शनिवार को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में पुलिस के एक वाहन को आग के हवाले कर दिया जिसके बाद पुलिस ने आक्रामक भीड़ को तितर-बितर करने के लिए गोली चलाई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई।