कश्मीरियों को अकेला नहीं छोड़ेंगे: नवाज़ शरीफ़
https://parstoday.ir/hi/news/india-i18262-कश्मीरियों_को_अकेला_नहीं_छोड़ेंगे_नवाज़_शरीफ़
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ ने एक बयान जारी कर कहा है कि वह कश्मीरी जनता का समर्थन जारी रखेंगे और कभी कश्मीरियों को अकेला नहीं छोड़ेंगे।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul २०, २०१६ १६:२७ Asia/Kolkata
  • कश्मीरियों को अकेला नहीं छोड़ेंगे: नवाज़ शरीफ़

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ ने एक बयान जारी कर कहा है कि वह कश्मीरी जनता का समर्थन जारी रखेंगे और कभी कश्मीरियों को अकेला नहीं छोड़ेंगे।

कश्मीरी जनता से एकजुटता के लिए मनाए जाने वाले काला दिवस के अवसर पर अपने संदेश में नवाज़ शरीफ़ ने कहा कि उनका देश भारत प्रशासित कश्मीर की जनता को कभी अकेला नहीं छोड़ेगा।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने भारत सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि नई दिल्ली सरकार के पास दो ही रास्ते हैं या कश्मीरी जनता पर अत्याचार जारी रखे या संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुसार उन्हें अपने भविष्य के निर्धारण का अधिकार दे।

 

बुधवार को पाकिस्तान के विभिन्न शहरों में काला दिवास मनाया जा रहा है। पाकिस्तान की जनता कश्मीरी जनता के समर्थन में प्रदर्शन कर रही है। पाकिस्तान का मानना है कि कश्मीर के लोगों को जनमत संग्रह के माध्यम से अपने भविष्य के निर्धारण का अधिकार दिया जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि भारत प्रशासित कश्मीर में पिछले 12 दिनों से जारी तनाव और सुरक्षा बलों की गोलीबारी में 50 के करीब लोग मारे गए हैं और हज़ारों की संख्या में घायल हुए हैं, घायलों में लगभग 100 से अधिक लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है।

 

ज्ञात रहे कि भारतीय सुरक्षा बल कश्मीरी प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध पेलेट गन का प्रयोग कर रही है। पेलेट गन की विशेषता यह है कि इससे व्यक्ति मरता तो नहीं है लेकिन इंसान इससे अधमरा हो जाता है। बहुत से प्रदर्शनकारियों की आखों की रोशनी भी इसी से गई है। भारतीय सेना द्वारा पेलेट गन के प्रयोग से कश्मीरी जनता में भय का माहौल है।(RZ)