कश्मीर में फिर कर्फ़्यू लागू
https://parstoday.ir/hi/news/india-i19093-कश्मीर_में_फिर_कर्फ़्यू_लागू
भारत नियंत्रित कश्मीर में फिर से कर्फ्यू लगा दिया गया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul २९, २०१६ ०९:०० Asia/Kolkata
  • कश्मीर में फिर कर्फ़्यू लागू

भारत नियंत्रित कश्मीर में फिर से कर्फ्यू लगा दिया गया है।

इर्ना के अनुसार कश्मीर के प्रशासन ने श्रीनगर में अलगाववादियों द्वारा आहूत प्रदर्शनों के दृष्टिगत शुक्रवार को कश्मीर में कर्फ्यू लगा दिया  है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर सहित घाटी के अधिकतर हिस्सों में कर्फ्यू और प्रतिबंध लगा है और साथ ही लोगों को प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखने की सलाह दी गई है।

कश्मीर में पिछले 21 दिनों से लगातार सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। कश्मीरी छापामारों ने 31 जुलाई तक प्रदर्शनों को बढ़ा दिया है।

सैयद अली शाह गीलानी, उमर फ़ारूक़ और यासीन मलिक जैसे नेताओं ने गुरूवार की रात एक बयान जारी करके कश्मीरियों का आह्वान किया है कि पिछले दिनों जारी हिंसा के दौरान मरने वालों के प्रति संवेदना प्रकट करने के लिए वे शुक्रवार को जामा मस्जिद तक रैली निकालें।

गौरतलब है कि बुधवार को अनंतनाग सहित सिर्फ तीन जिलों में कर्फ्यू लगाया गया था। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को कहा कि सुरक्षाबलों को अनंतनाग जिले के बस्मडोरा गांव के एक घर के भीतर हिजबुल मुजाहेदीन के कमांडर बुरहान वानी के होने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

ज्ञात रहे कि भारतीय सुरक्षाबलों ने आठ जुलाई को कश्मीरी छापामार कमांडर बुरहान वानी की हत्या कर दी थी।  इस घटना के बाद से कश्मीर में अभी तक अशांति जारी है जिसके दौरान लगभग 50 लोग मारे जा चुके हैं जबकि हज़ारों घायल हुए हैं।  इसी बीच कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती ने कहा है कि यदि सुरक्षाबलों को घर के भीतर बुरहान के होने के बारे में पता होता तो उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया जाता।