कश्मीर में हिंसा को लेकर चिंतित हैं-अमरीका
भारत नियंत्रित कश्मीर में हिंसा को लेकर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए अमरीका ने कहा है कि वह कश्मीर में तनाव कम होते देखना चाहता है।
अमरीकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि हम कश्मीर में हिंसा को लेकर निःसन्देह चिंतित हैं और हम वहां पर तनाव कम होते देखना चाहते हैं।
भारत में बढ़ती असहिस्णुता और हिंसा पर चिंता जताते हुए अमरीका ने भारत सरकार से कहा है कि नागरिकों को सुरक्षा दिलाने और अपराधियों को दंडित करने के लिए वह हर संभव प्रयास करे। अमरीका ने इसी प्रकार भारत से अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा के लिए आवश्यक क़दम उठाने के लिए भी कहा है।
जॉन किर्बी ने कहा कि हमने कश्मीर में प्रदर्शनकारियों एवं भारतीय बलों के बीच संघर्ष की रिपोर्ट देखी हैं। उन्होंने कहा कि जैसा कि आप अपेक्षा कर सकते है कि हम इस हिंसा को लेकर बेहद चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी पक्षों को इसका शांतिपूर्ण समाधान तलाशने के प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। किर्बी ने कहा कि अमेरिका इस मामले पर भारत सरकार के साथ निकट संपर्क बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि हम वहां की जनता के साथ खड़े हैं।
दूसरी ओर भारत के उच्चतम न्यायालय ने केंद्र सरकार से कश्मीर की ज़मीनी हक़ीक़त के बारे में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
ज्ञात रहे कि भारत नियंत्रित कश्मीर में सुरक्षाबलों के हाथों एक अलगवावादी कमांडर बुरहान वानी की हत्या के बाद से जारी अशांति में बड़ी संख्या में लोग हताहत और घायल हुए हैं। वहां पर जारी अशांति के कारण कई क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया।