कश्मीर में फिर कर्फ्यू, सुरक्षा के कड़े प्रबंध
भारत नियंत्रित कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में हिंसा की किसी भी घटना से बचने के लिए शुक्रवार को कर्फ्यू का दायरा बढ़ाकर इसे पूरी राजधानी में लागू कर दिया गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अलगाववादी संगठनों के "दरगाह चलों" अभियान के दृष्टितगत हिंसा की किसी भी घटना से बचने के लिए प्रशासन ने पूरे श्रीनगर में कर्फ्यू लगा दिया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में आठ पुलिस थानों के अन्तर्गत आने वाले क्षेत्रों में धारा 144 के तहत प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर के अतिरिक्त शुक्रवार को अनंतनाग, शोपियां, कुलगाम और पुलवामा जिलों तथा कश्मीर घाटी के कुछ अन्य क्षेत्रों में भी कर्फ्यू जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। कश्मीरी छापामारों ने 12 अगस्त तक विरोध प्रदर्शन जारी रखने की घोषणा कर रखी है।
ज्ञात रहे कि कश्मीर में पिछले 28 दिनों से हिंसा और कर्फ्यू का माहौल लगातार बना हुआ है। भारतीय सुरक्षाबलों द्वारा आठ जुलाई को हिज़बुल मुजाहेदीन के कमांडर बुरहान वानी और उसके दो साथियों के मारे जाने के बाद उपजी हिंसा में अबतक कम से कम 52 लोगों की मौत हो चुकी है जिसमें दो पुलिसकर्मी शामिल हैं।