कश्मीर में इंटरनेट सेवा ठप
भारत नियंत्रित कश्मीर में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं ठप हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरी घाटी में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को ठप कर दिया गया है और केवल बीएसएनएल की पोस्टपेड सेवा काम कर रही है। उन्होंने बताया कि कानून और व्यवस्था बनाए रखने तथा अफवाहों से बचने के लिए गुरूवार की मध्यरात्रि में पूरी घाटी में सेवा को बंद कर दिया गया।
कश्मीर में शुक्रवार को एहतियात के तौर सरकारी बीएसएनएल की पोस्टपेड सुविधा को छोड़कर बाकी सभी मोबाइल टेलीफोन सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह काम, पिछले सप्ताह शुक्रवार की नमाज़ के बाद हुई हिंसक झड़पों के दृष्टिगत किया गया है। पिछले शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के बाद घाटी के कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झड़पें हुई थीं। इन झड़पों में तीन लोगों की मौत हो गयी थी और सैकड़ों अन्य घायल हो गये थे।
ज्ञात रहे कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में आठ जुलाई को एक मुठभेड़ में हिज्बुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद भड़की हिंसा के चलते 15 जुलाई को घाटी में बीएसएनएल की पोस्टपेड सेवा को छोड़कर सभी मोबाइल टेलीफोन सेवाओं को ठप कर दिया गया था।
ज्ञात रहे कि 8 जूलाई को बुरहान वानी की मौत के बाद से कश्मीर में लगातार कर्फ्यू जारी है जिसके चलते लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।