कश्मीर के हालात के लिए केन्द्रीय मंत्री दोषीः चिदंबरम
भारत के पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा है कि कश्मीर के बिगड़ते हालात में प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और रक्षामंत्री पर्रिकर के बयानों की बड़ी नकारात्मक भूमिका रही है।
पी. चिदंबरम ने कहा कि जम्मू कश्मीर में तेजी से बेकाबू हो रहे हालात से मैं काफी चिंतित हूं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी युवाओं, आम नागरिकों और सुरक्षाबलों की जान जाने से हम सभी बुरी तरह आहत हैं। चिदंबरम ने कहा कि जो कुछ कश्मीर में हो रहा है उसे रुकना चाहिए।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कश्मीर के हालात को बिगाड़ने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर के बयानों ने बड़ी नकारात्मक भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि हालात सामान्य बनाने के लिए भाषा और कार्यशैली में नरमी लानी होगी।
चिदंबरम ने साथ में यह भी कहा कि घाटी में सबसे पहले हिंसा रोकने के त्वरित उपाय होने चाहिए। उन्होंने कहा कि उसके बाद ऐसा रास्ता तलाश किया जाए जो राज्य की जनता के लिए उम्मीदों से भरा हो और उनके लिए शांति और समृद्धि सुनिश्चित करने वाला हो।
ज्ञात रहे कि भारत नियंत्रित कश्मीर में पिछले 39 दिनों से कर्फ्यू जारी है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मारे जा चुके हैं। लगातार कर्फ्यू के कारण कश्मीरियों की स्थिति ख़राब होती जा रही है।