संयुक्त राष्ट्र संघ, कश्मीर में जांच समिति भेजेगा!
संयुक्त राष्ट्र उच्च आयोग मानवाधिकार ने भारत प्रशासित कश्मीर और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में जांच समिति भेजने की पेशकश कर दी।
संयुक्त राष्ट्र संघ के मानवाधिकार आयोग ने गुरुवार को घोषणा की है कि वह भारत और पाकिस्तान द्वारा प्रशासित कश्मीर में हालात का जायज़ा लेने के लिए अपनी जांच कमेटी भेजेगा।
संयुक्त राष्ट्र संघ मानवाधिकार आयोग की इस घोषणा के बाद पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी किए गये बयान में कहा गया है कि 15 जुलाई को पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्च आयोग को लिखे गये पत्र में मांग की थी कि वह 8 जुलाई से जम्मू-कश्मीर में होने वाले मानव अधिकारों के उल्लंघन की जांच के लिए अपनी समिति को वहाँ भेजे।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान के इस मांग पर संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार उच्चायुक्त ने जम्मू-कश्मीर की स्थिति का संज्ञान लेते हुए जांच कमेटी भेजने की बात कही है।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में पिछले 42 दिनों जारी तनाव में अब तक 80 से अधिक लोग मारे गए और 6000 से अधिक घायल हुए तथा 120 के करीब कश्मीरी युवा आंखों की रौशनी खो चुके हैं।
प्रदर्शनों की शुरुआत हिज़्बुलमुजाहेदीन के कमांडर बुरहान मुजफ्फर वानी की मौत के बाद हुई, जिसके बाद से कश्मीर में कर्फ्यू लागू है।(Q.A.)