कश्मीर में 44वें दिन भी कर्फ्यू जारी
भारत नियंत्रित कश्मीर में रविवार को लगातार 44वें दिन भी कर्फ्यू जारी है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर के पुराने क्षेत्रों में कर्फ्यू और अन्य हिस्सों में प्रतिबंध आगे भी जारी रहेगा।
पिछले 44 दिनों के दौरान कश्मीर में कम से कम 80 लोग मारे जा चुके हैं जबकि 7000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कश्मीर में स्कूल, व्यापारिक प्रतिष्ठान और सरकारी कार्यालय बंद हैं। लगातार कर्फ्यू के कारण कश्मीर में जन-जीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त होकर रह गया है।
ज्ञात रहे कि कश्मीर में जारी हिंसा को लेकर जम्मू व कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं ने शनिवार को भारत के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात की थी। उन्होंने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि वे केंद्र से कश्मीर संकट का राजनीतिक समाधान ढूंढ़ने को कहें और इसके लिए तत्काल सभी पक्षों बातचीत शुरू करें।
उन्होंने कहा कि कश्मीर में सुलग रहा है। वहां की आग पीर पंजाल, जम्मू क्षेत्र की चेनाब घाटी तथा करगिल क्षेत्र तक फैलनी शुरू हो चुकी है। आखिर सरकार कब जागेगी?