सर्वदलीय प्रतिनिधि मंडल श्रीनगर पहुंचा
भारत के केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में 30 सांसदों का सर्वदलीय शिष्टमंडल श्रीनगर पहुंच गया है।
जम्मू कश्मीर में अशांति से उत्पन्न की स्थिति की समीक्षा के लिए श्रीनगर पहुंचा यह शिष्टमंडल अपने दो दिवसीय दौरे में राज्यपाल एन.एन. वोहरा और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती के साथ विचार विमर्श करेगा और सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें करेगा। इस शिष्टमंडल में केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली, डा. जितेंद्र सिंह, राम विलास पासवान, राज्य सभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आज़ाद और लोक सभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हैं। जनता दल युनाइटेड के नेता शरद यादव, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता डी राजा भी शिष्टमंडल में हैं। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया है कि कश्मीर से लौटने के बाद शिष्टमंडल की दिल्ली में बैठक होगी।
इस बीच कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती ने सभी अलगाववादी नेताओं और विभिन्न धार्मिक व राजनैतिक संगठनों से आगे बढ़ कर सर्वदलीय शिष्टमंडल के साथ बातचीत करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि देश के राजनैतिक नेतृत्व को हुर्रियत कान्फ़्रेंस के नेताओं समेत समाज के सभी वर्गों से बात करनी चाहिए। (HN)