भारत ने यदि सर्जिकल स्ट्राइक की होती तो मिलता मुंहतोड़ जवाबः बासित
भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने साफ तौर पर कहा कि भारत ने 29 सितंबर को कोई सर्जिकल स्ट्राइक नहीं की।
उन्होंने कहा कि भारत ने यदि एसा किया होता तो उसको मुंहतोड़ उत्तर दिया जाता।
अब्दुल बासित ने यह बात बुधवार को एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने भारत के पास सर्जिकल स्ट्राइक का वीडियो होने की बात को ग़लत बताया। बासित ने कहा कि यह भारत की ओर से गढ़ी गई एक कहानी है। बासित ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कोई सर्जिकल स्ट्राइक नहीं हुई। उन्होंने कहा कि हां 29 सितंबर को एलओसी पर सिर्फ क्रॉस-बॉर्डर फायरिंग हुई, जिसमें पाकिस्तान के दो जवान मारे गए। इस घटना के बाद पाकिस्तान ने भारत की गोलीबारी का तत्काल जवाब दिया था।
भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित का कहना है कि अगर सर्जिकल स्ट्राइक हुई होती तो भारत को बिना वक्त लिए मुंहतोड़ जवाब दे दिया गया होता।
उल्लेखनीय है कि भारत के सर्जिकल स्ट्राइक के दावे को पाकिस्तान, आरंभ से ही लगातार नकारता रहा है।