भारत के साथ पिछले दरवाज़े से कोई वार्ता नहीं- अज़ीज़
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार ने कहा है कि भारत के साथ पिछले दरवाज़े से कोई कूटनैतिक बात नहीं चल रही है।
सरताज अज़ीज़ ने शुक्रवार को अपने एक साक्षात्कार में कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी प्रकार की कोई गोपनीय वार्ता या पिछले दरवाज़े से कोई कूटनैतिक वार्ता नहीं चल रही है।
एक्सप्रेस न्यूज चैनल से बात करते हुए अज़ीज़ ने कहा कि पाकिस्तान और भारत के बीच पिछले दरवाजे से या ट्रैक-2 की कोई कूटनीति नहीं चल रही है। अजीज ने दावा किया कि भारत ने आतंकवाद के लिए हमेशा बिना सबूत के पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस सबूत के अपने देश में किसी भी आतंकवादी घटना के बाद पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराने की भारत की आदत रही है।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान की एक सांसद शीरी रहमान ने इससे पहले कहा था कि पड़ोसी देश के साथ संबन्ध सामान्य करने के उद्देश्य से भारत और पाकिस्तान के बीच गोपनीय वार्ता चल रही है।