कश्मीरी युवक की शवयात्रा पर भारतीय सेना की फायरिंग, दर्जनों घायल
भारत प्रशासित कश्मीर में एक युवक की शवयात्रा पर भारतीय सुरक्षा बलों ने गोलीबारी की है, इस फ़ायरिंग में 30 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
श्रीनगर से हमारे संवाददाता ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से सूचना दी है कि सफ़ाकादल क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोर के अंतिम संस्कार में भाग ले रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दाग़े और बाद में हवाई फायरिंग शुरू कर दी।
प्राप्त सूचना के अनुसार स्थानीय लोग 16 वर्षीय क़ैसर सूफ़ी का शव लेकर भारत विरोधी नारे लगाते हुए ईदगाह जाना चाहते थे लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। सेना की गोलीबारी की चपेट में आकर दो महिलाओं सहित 35 लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक क़ैसर सूफ़ी 27 अक्टूबर से लापता था और उसके एक दिन बाद वह मरण अवस्था में पाया गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया और शुक्रवार की रात उसकी मौत हो गई।
स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि मृत युवक ने ज़हर खाकर आत्महत्या की है लेकिन स्थानीय लोगों ने भारतीय सेना पर क़ैसर सूफ़ी के अपहरण और हत्या का आरोप लगाया है।
उल्लेखनीय है कि भारत प्रशासित कश्मीर में लगभग पांच महीने से स्थिति तनावपूर्ण चली आ रही है, इस दौरान घाटी के विभिन्न क्षेत्रों में होने वाले हिंसक प्रदर्शनों में 100 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। (RZ)