कश्मीर भारत का अभिन्न अंग न था न होगा: फ़ारूक़ अब्दुल्लाह
भारत प्रशासित कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कान्फ्रेंस के प्रमुख फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा है कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग न था न है।
श्रीनगर से हमारे प्रतिनिधि के अनुसार अपनी पार्टी के मुख्यालय में कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करते हुए नेशनल कान्फ्रेंस के अध्यक्ष फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा कि कश्मीर कभी भी भारत का अभिन्न अंग नहीं रहा और न होगा। उन्होंने कहा कि हमारा अपना संविधान और झंडा है और हम किसी को भी अपने अधिकार पर डाका डालने की अनुमति नहीं देंगे।
फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने भारत की मोदी सरकार पर आरोप लगाया है कि वह कश्मीर के मामले को राजनीतिक रूप से हल करना नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कश्मीरियों और उनकी कठिनाइयों को समझने की कोशिश भी नहीं कर रही है।
नेशनल कान्फ्रेंस पार्टी के प्रमुख ने कश्मीर में जारी प्रदर्शनों की ओर संकेत करते हुए कहा कि आज़ादी के पक्ष में नारे लगाने वाले हमारे युवा दिल्ली में बैठी मोदी सरकार को देख रहे हैं कि वह कश्मीर और कश्मीर वासियों के साथ किस तरह का भेदभावपूर्ण रवैया अपनाए हुए है, इसीलिए आज कश्मीर की जनता कश्मीर के युवा सड़कों पर आकर स्वतंत्रता की मांग कर रहे हैं।
फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने भारत और पाकिस्तान दोनों से अपील की है कि वह कश्मीर के मुद्दे पर एक दूसरे के साथ बातचीत शुरू करें। उन्होंने कहा कि वार्ता ही कश्मीर संकट के समाधान का एकमात्र रास्ता है, अन्यथा हालात बद से बदतर होते जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि भारत प्रशासित कश्मीर में पिछले चार महीने से भारत विरोधी प्रदर्शनों का सिलसिला जारी है जिसके दौरान 100 से अधिक लोग मारे गए और हज़ारों घायल हो चुके हैं। (RZ)