ज़ाकिर नाइक के विरुद्ध हो सकती है कड़ी कार्यवाहीः सरकार
इस्लामिक रिसर्च फाउन्डेशन आईआरएफ के प्रमुख के विरुद्ध सरकार कड़े क़दम उठाने जा रही है।
भारत सरकार का आरोप है कि ज़ाकिर नाइक की वेबसाइट में आपत्तिजनक कंटेंट और उनके भड़काऊ भाषण थे इसलिए इसे ब्लॉक करने का निर्णय लिया गया है।
सरकार ने जहां इस्लामिक रिसर्च फाउन्डेशन की वेबसाइट ब्लॉक की है वहीं अब एनआईए यू-ट्यूब और फेसबुक से भी नाइक के वीडियो हटवाने की तैयारी कर रही है। इससे पहले एनआईए ने मुंबई में इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन के दस ठिकानों पर छापेमारी की थी। शुक्रवार को ही ज़ाकिर नाइक की संस्था आईआरएफ पर बैन लगा दिया गया था और विदेश से चंदा लेने पर भी रोक लगाई थी।
जाकिर नाईक की संस्था इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन पर 5 साल का बैन लग चुका है। इसके साथ ही एनआईए जल्द ही नाइक को समन भेजने वाली है। अगर नाइक इस नोटिस को अनदेखा करते हैं तो उनके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जाएगा। वर्तमान समय में ज़ाकिर नाइक भारत से बाहर हैं और इस बात की आशा की जा रही है कि वे सऊदी अरब में हैं।
ज्ञात रहे कि इस्लामिक रिसर्च फाउन्डेशन आईआरएफ के प्रमुख ज़ाकिर नाइक पर भड़काऊ भाषण के माध्यम से भारत में विभिन्न धार्मिक समूहों के बीच नफरत को बढ़ावा देने जैसे आरोप लगे हैं। उनके खिलाफ आईपीसी के सेक्शन 153-ए और अनलॉफुल एक्टिविटीज एक्ट की धारा 10,13,18 के अन्तर्गत मामला दर्ज किया गया है।