सरताज अज़ीज़ अमृतसर जाएंगे
विदेश मामलों पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के सलाहकार सरताज अज़ीज़, अमृतसर में आयोजित होने वाले हार्ट ऑफ एशिया के सम्मेलन में भाग लेने के लिए रविवार को भारत जाएंगे।
डॉन न्यूज़ के अनुसार अमृतसर में तीन एवं चार दिसंबर को दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार सरताज अज़ीज़ रविवार 4 दिसंबर को अमृतसर जाएंगे। हार्ट ऑफ एशिया के सम्मेलन में सरताज अज़ीज़, पाकिस्तानी प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व करेंगे।
इस बैठक में अफ़ग़ानिस्तान एवं उसके पड़ोसियों के बीच क्षेत्रीय सहयोग पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा ताकि कनेक्टिविटी बढ़ाते हुए सुरक्षा ख़तरों से निपटा जा सके। रिपोर्ट में कहा गया है कि सम्मेलन के इतर भारतीय अधिकारियों के साथ कोई बैठक नहीं होगी। एक अधिकारी के हवाले से कहा गया है फिलहाल हमें उनकी ओर से कोई इच्छा दिखाई नहीं देती और गेंद भारत के पाले में है। वे जानते हैं कि हम इच्छुक हैं लेकिन हमें नहीं पता कि वे इच्छुक हैं या नहीं।
दूसरी ओर भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बुधवार को कहा है कि हार्ट ऑफ एशिया सम्मेलन में भाग लेने की ओर से पाकिस्तान की ओर से कोई आधिकारिक अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ है।