भारतीय मुसलमानों से एकजुट रहने की अपील
जमीयते उलमाए हिन्द ने देश के सभी मुसलमानों से एकजुट रहने की अपील की है।
भारत में मुसलमानों की एक बड़ी संस्था जमीयते उलेमाए हिन्द (महमूद मदनी) के उत्तर प्रदेश के प्रांतीय सचिव मौलाना शब्बीर अहमद मज़ाहेरी ने एक बयान जारी करके कहा है कि यूपी में होने वाला इस बार का विधानसभा चुनाव धर्मनिरपेक्षता और साम्प्रदायिक शक्तियों के बीच है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुसलमानों को चाहिए कि वे एकजुट होकर अपने क़ीमती वोटों के माध्यम से सांप्रदायिक ताकतों को जवाब दें।
मौलाना मज़ाहेरी ने मुसलमानों को होशियार करते हुए कहा कि आज सांप्रदायिक संगठनों के कुछ सदस्य, राजनीतिक दल बदलकर धर्मनिरपेक्ष पार्टियों में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग और संगठन लोकतंत्र के लिए बहुत ख़तरनाक है। मौलाना ने प्रदेश भर के लोगों को सचेत करते हुए कहा कि ऐसे उम्मीदवारों से मुसलमानों को अधिक सावधान रहने की ज़रूरत है।
जमीयते उलमाए हिन्द के प्रांतीय सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के 2017 के चुनाव बहुत महत्वपूर्ण हैं और साम्प्रदायिक शक्तियां किसी भी क़ीमत पर सत्ता हासिल करने के लिए कई तरह के हथकंडे इस्तेमाल कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि अगर मुस्लिम मतदाता विभाजित हुए तो इसके परिणाम नकारात्मक होंगे तो इस बात की ज़रूरत है कि मुसलमान एकजुट रहें और अपने वोटों की ताक़त से साम्प्रदायिक शक्तियों को जवाब दें। (RZ)