कश्मीर में जारी है धरना-प्रदर्शन का क्रम
https://parstoday.ir/hi/news/india-i40270-कश्मीर_में_जारी_है_धरना_प्रदर्शन_का_क्रम
भारत नियंत्रित कश्मीर में सेना की नीतियों के विरोध में कश्मीरियों के प्रदर्शनों का क्रम जारी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr १८, २०१७ १४:२६ Asia/Kolkata
  • कश्मीर में जारी है धरना-प्रदर्शन का क्रम

भारत नियंत्रित कश्मीर में सेना की नीतियों के विरोध में कश्मीरियों के प्रदर्शनों का क्रम जारी है।

कश्मीरियों ने, कश्मीर में सुरक्षाबलों की कार्यवाहियों का विरोध करते हुए मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किये।  प्रदर्शनकारी, भारत सरकार के विरुद्ध भी नारे लगा रहे थे।  आज कश्मीर में शिक्षा संस्थान और विश्वविद्यालय बंद रहे।

सोमवार को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा स्थित एक कॉलेज में सुरक्षा बलों और छात्रों के बीच झड़पें हुई थीं। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारी छात्रों ने एक रैली निकालने की कोशिश की जिसे पुलिस ने रोक दिया। उसके बाद छात्रों से झड़प आरंभ हो गईं। इस दौरान पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।  इस विरोध प्रदर्शन में छात्राएं भी शामिल थीं।  प्रदर्शनकारियों में अधिकतर डिग्री कॉलेजों के छात्र थे जबकि कुछ विश्वविद्यालयों के भी थे।  झड़पों में सुरक्षा कर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए।

दूसरी ओर विपक्षी दल नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व में जम्मू व कश्मीर सरकार द्वारा छात्रों के प्रदर्शन से निपटने के तरीके पर सवाल उठाए हैं।  कश्मीरी छात्रों के सड़कों पर उतरने के बाद एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की आशा है कि घाटी में छात्रों के सामूहिक प्रदर्शन के असर के बारे में महबूबा मुफ्ती ने सोचा होगा।  वास्तव में यह बहुत ही चिंताजनक स्थिति है।