पाकिस्तान को भारतीय सेना की चेतावनी
भारतीय सेना के एक कमांडर ने कश्मीर नियंत्रण रेखा के कथित उल्लंघन के बारे में पाकिस्तान को चेतावनी दी है।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार भारतीय सेना के ऑपरेशनल कमांडर एके भट्ट ने मंगलवार को पाकिस्तानी सेना के ऑपरेशनल कमांडर मेजर जनरल साहिर शमशाद मिर्ज़ा से टेलीफ़ोन पर बातचीत करते हुए कश्मीर नियंत्रण रेखा पर जारी उल्लंघन पर चेतावनी दी और कहा कि भारत इस उल्लंघन का जवाब देने का अधिकार सुरक्षित रखता है।
भारतीय सेना के ऑपरेशनल कमांडर ने कश्मीर नियंत्रण रेखा पर शांति की स्थापना की ज़रूरत पर बल देते हुए कहा कि नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से बार-बार सीज़ फ़ायर का उल्लंघन किया जाता रहा है और भारत प्रशासित कश्मीर में बंदूकधारियों के लिए पाकिस्तानी सेना की ओर से समर्थन शांति प्रक्रिया पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय कमांडर की ओर से पाकिस्तान को यह चेतावनी ऐसी हालत में दी गई है कि इससे पहले सोमवार को इसी सिलसिले में पाकिस्तानी सैन्य कमांडर ने भी भारत को चेतावनी दी थी। (RZ)