हिंदु राष्ट्रवाद झोक रहा है भारत को युद्ध मेंः चीन
चीन का कहना है कि भारत का हिंदु राष्ट्रवाद, इस देश को युद्ध में ढकेल रहा है।
चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स में छपे एक लेख के अनुसार भारत में तेजी से बढ़ रहा “हिंदू राष्ट्रवाद” दोनों देशों के बीच युद्ध के ख़तरे को लगातार बढ़ा रहा है।
ग्लोबल टाइम्स में एक लेख प्रकाशित किया गया है जिसका शीर्षक है “भारत में बढ़ता हिंदू राष्ट्रवाद”। इस लेख में यू-निंग लिखते हैं कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावों के दौरान हिंदू राष्ट्रवाद को ईंधन के रूप में प्रयोग किया। लेख के अनुसार भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव के दौरान देश में हिंदु राष्ट्रवादी भावनाओं को हवा दी। चीन के सरकारी समाचारपत्र के अनुसार ऐसे में अगर धार्मिक राष्ट्रवाद हद से बढ़ गया तो फिर मोदी भी कुछ नहीं कर पाएंगे क्योंकि सन 2014 में सत्ता में आने के बाद मुसलमानों के खिलाफ होने वाली हिंसा को रोकने में वे विफल रहे हैं। पत्र लिखता है कि नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने और उसके बाद सत्ता मज़बूत करने में हिंदू राष्ट्रवाद से खूब लाभ उठाया है।
इस लेख में आगे कहा गया कि हिंदु राष्ट्रवाद ही भारत को चीन के खिलाफ युद्ध की ओर ले जा रहा है। लेख में कहा गया है कि शक्ति की दृष्टि से भारत, चीन से कमज़ोर है लेकिन इसके बावजूद नई दिल्ली के रणनीतिकारों और नेताओं ने भारत की चीन नीति को हिंदु राष्ट्रवाद के हाथों में जाने से नहीं रोका।