कश्मीर में अबू दुजाना की हत्या के बाद हिंसक प्रदर्शन,
भारत नियंत्रित कश्मीर में अलगाववादी कमांडर और उसके सहयोगी की भारतीय सुरक्षा बलों के हाथों हत्या के बाद पूरे कश्मीर में हिंसक प्रदर्शन फूट पड़े हैं।
पुलिस प्रवक्ता मनोज पंडिता ने बताया कि मंगलवार को लशकरे तैयबा के कमांडर अबू दुजाना को पुलवामा में भारतीय सुरक्षा बलों ने मार गिराया। पुलिस आई जी मुनीर अहमद ख़ान ने पुष्टि की कि सुरक्षा बलों ने अबू दुजाना सहित दो छापामारों को घेर लिया और फिर झड़प में दोनों मारे गए। झड़प दो घंटे तक चली।
अबू दुजाना के बारे में कहा जाता है कि वह भारतीय सुरक्षा बलों पर कई हमलों का योजनाकार था और पुलिस ने उसके सिर की क़ीमत पंद्रह लाख रूपए घोषित की थी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भारतीय सुरक्षा बलों ने उन दोनों घरों को धमाके से उड़ा दिया जिनमें दोनों छापामार छिपे हुए थे।
अबू दुजाना और उसके सहयोगी की हत्या के तत्काल बाद इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई जबकि पूरी घाटी में प्रदर्शन होने लगे और हिंसक प्रदर्शन के दौरान झड़प में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई प्रदर्शनकारी घायल हुए।
झड़प की जगह पर सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारी बढ़ने लगे जिन्हें रोकने के लिए सुरक्षा बलों ने ताक़त का प्रयोग किया और बहुत से लोग घायल हो गए। प्रदर्शनकारी सुरक्षा बलों पर पथराव कर रहे थे और गो इंडिया गो के नारे लगा रहे थे। इसी प्रकार के प्रदर्शन श्रीनगर सहित अनेक स्थानों पर हुए।