धारा 35-ए से छेड़ख़ानी, कश्मीर में आग लगने के समानः अब्दुल्लाह
फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा है कि अगर धारा 35-ए के साथ छेड़ख़ानी हुई तो फिर कश्मीर में आग लग जाएगी।
जम्मू व कश्मीर के भूतपूर्व मुख्यमंत्री का कहना है कि यदि धारा 35-ए के साथ छेड़ख़ानी होती है तो फिर बहुत बड़ा जनान्दोलन आरंभ होगा। उन्होंने कहा कि 35-ए के साथ छेड़ख़ानी, कश्मीर में आग लगने के समान है।
नेशनल कांफ़्रेंस के अध्यक्ष फ़ारुक़ अब्दुल्लाह ने सोमवार को कहा है कि भारत की केन्द्र सरकार बहुत ही सुनियोजित ढंग से धारा 35-ए को भंग करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस का एजेंडा यह है कि कश्मीर की स्वायत्ता को समाप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि इसी सोच के अन्तर्गत धारा 35-ए को समाप्त करने के प्रयास किये जा रहे हैं। फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा कि धारा 35-ए के भंग होने की स्थिति में कश्मीर, लद्दाख़ व जम्मू पर बहुत ही नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
कश्मीरी नागरिकों के विशेष दर्जे संबन्धी अनुच्छेद 35-ए के मुद्दे पर नेश्नल काफ्रेंस, 14 अगस्त से जागरूकता अभियान आरंभ करने जा रही है। उमर अब्दुल्लाह ने कहा कि हम कश्मीर के लोगों को बताएंगे कि धारा 35-ए के समाप्त होने की स्थिति में कश्मीर वासियों को किस प्रकार का नुक़सान होगा।