कश्मीर मुद्दे पर वार्ता के लिए भारत की केंद्र सरकार तैयार
भारत की केंद्र सरकार ने कश्मीर संकट के संबंध में अपनी नीतियों में बदलाव लाते हुए सभी कश्मीरी पक्षों से बातचीत करने की इच्छा व्यक्त की है।
प्राप्त समाचारों के अनुसार भारत के गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि कश्मीर की समस्या के समाधान के लिए कश्मीर में मौजूद हर पक्ष से दिल्ली सरकार बातचीत करने के लिए तैयार है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि कश्मीर समस्या के हल के लिए भारत की ख़ुफ़िया एजेंसी आईबी के पूर्व प्रमुख दिनेश्वर शर्मा को वार्ता के लिए सरकार के प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त किया गया है।
भारतीय गृहमंत्री से जब यह सवाल किया गया कि क्या भारत सरकार के प्रतिनिधि को हुर्रियत नेताओं से बातचीत करने की अनुमति दी जाएगी, तो उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के प्रतिनिधि को जिस भी व्यक्ति से बातचीत करने की ज़रूरत महसूस होगी वह उसके साथ बातचीत करने के लिए पूरी तरह से स्वतंत्र रहेंगे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं यह बात साफ़ कर देना चाहता हूं कि केंद्र सरकार के प्रतिनिधि दिनेश्वर शर्मा पर किसी भी तरह का कोई दबाव नहीं होगा वह पूरी आज़ादी के साथ अपना काम करेंगे। उन्होंने कहा कि दिनेश्वर शर्मा जम्मू और कश्मीर राज्य के सभी दलों से वार्ता करेंगे।
उल्लेखनीय है कि हुर्रियत नेताओं के साथ वार्ता के संबंध में भारतीय के गृहमंत्री का यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब भारत की केंद्र सरकार ने इससे पहले हुर्रियत नेताओं से बातचीत करने से साफ़ इनकार कर दिया था। (RZ)