ज़ायोनी शासन की साज़िशों का शिकार हो रहे हैं मुसलमान: फ़ारूक़ अब्दुल्लाह
डॉक्टर फ़ारूक़ अब्दुल्लाहह ने कहा कि ज़ायोनी शासन अपनी व्यर्थ महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए साज़िशें रच रहा है।
नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष डॉक्टर फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा कि साम्राज्यवादी शक्तियां विशेषकर ज़ायोनी शासन मुसलमानों को बदनाम करने के लिए लगातार साज़िशें कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हम मुसलमान इन साज़िशों का आसानी से शिकार बन रहे हैं। फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने यह प्रश्न किया कि आज मुसलमान पूरी दुनिया में दर-दर क्यों भटक रहा है?
उन्होंने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि राष्ट्रों के उत्थान और पतन, उतार-चढ़ाव, ख़ुशहाली और बदहाली तथा एकता में मुसलमानों ने हमेशा से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
श्रीनगर में एक धार्मिक सभा को संबोधित करते हुए फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कश्मीर में शांति की स्थापना, लोगों की समृद्धि और शांति व्यवस्था पर बल दिया।
डॉक्टर फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने इस मौक़े पर कहा कि ईश्वरीय दूतों और उनके उतराधिकारियों के कारण ही हमें इस्लाम जैसे महान धर्म की सौगात प्राप्त हुई है।
डॉक्टर फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा कि आज दुनिया में इस्लाम और मुसलमानों को विभिन्न कठिनाइयों का सामना है। उन्होंने कहा कि इन परेशानियों का कारण आज मुसलमानों के बीच भाईचारा, एकता, सहानुभूति और आपसी सूझबूझ का अभाव है। फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा कि जबतक मुसलमानों में एकजुटता थी तब तक प्रत्येक मुस्लिम देश समृद्ध और विकसित था। (RZ)