कश्मीर की आज़ादी में कोई सच्चाई नहींः फारूक़ अब्दुल्ला
https://parstoday.ir/hi/news/india-i52026-कश्मीर_की_आज़ादी_में_कोई_सच्चाई_नहींः_फारूक़_अब्दुल्ला
भारत नियंत्रित कश्मीर के भूतपूर्व मुख्यमंत्री फारूक़ अब्दुल्ला ने कहा है कि कश्मीर की आज़ादी में कोई सच्चाई नहीं है क्योंकि हम चारों तरफ से परमाणु शक्तियों से घिरे हुए हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Nov ११, २०१७ १३:१० Asia/Kolkata
  • कश्मीर की आज़ादी में कोई सच्चाई नहींः फारूक़ अब्दुल्ला

भारत नियंत्रित कश्मीर के भूतपूर्व मुख्यमंत्री फारूक़ अब्दुल्ला ने कहा है कि कश्मीर की आज़ादी में कोई सच्चाई नहीं है क्योंकि हम चारों तरफ से परमाणु शक्तियों से घिरे हुए हैं।

नैशनल कान्फ्रेंस प्रमुख ने कहा कि कश्मीर में आज़ादी जैसा कुछ भी नहीं है। हम हर तरफ से घिरे हुए हैं। एक तरफ चीन है, दूसरी तरफ पाकिस्तान और तीसरी तरफ भारत है। सभी के पास एटम बम हैं। अब्दुल्ला ने कहा है कि हमारे पास सिवाय अल्लाह के नाम के और कुछ नहीं। जो लोग आज़ादी की बात कर रहे हैं वे ग़लत बोल रहे हैं।
श्रीनगर में पार्टी मुख्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान अब्दुल्लाह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भारत ने हमेशा कश्मीरियों को अनदेखा किया है।  उन्होंने कहा कि हमारे साथ अच्छा सलूक नहीं किया गया। जो प्यार हमे आपस में जोड़ सकता है वो भारत ने हमें कभी नहीं दिया। यही वजह है कि आज कश्मीर के हालात ऐसे हैं।

जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीरी कुछ और नहीं बल्कि राज्य की आतंरिक स्वायत्ता की बात कर रहे हैं। यह तो हमारा मौलिक अधिकार है। भारत को इस मांग को पूरा करना चाहिए तभी राज्य में शांति बहाल हो सकती है।उन्होंने यह भी कहा कि महाराजा हरि सिंह के साथ हुए विलय को भी भारत भूल गया है।  उन्होंने कहा कि अब वह बात कर रहा है पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर को वापिस पाने की। फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि अगर पीओके भारत का है तो भारत को विलय की शर्तों पर भी बात करनी चाहिए। उसे क्यों भूला दिया गया है।  डा फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान के नियंत्रण वाला कश्मीर, पाकिस्तान का है।  उन्होंने कहा कि मैने भारत से भी कहा है और विश्व को भी बता चुका है कि पीओके, पाकिस्तान का है।  फ़ारूक अब्दुल्लाह का कहना था कि इस तरफ का कश्मीर भारत का है। यह बदल नहीं सकता है।