कश्मीर में भीषण झड़प, 3 छापामार हताहत
भारत प्रशासित कश्मीर के कुपवाड़ा ज़िले के हिन्दूवाड़ा में मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों के साथ भीषण झड़प में तीन छापामार मारे गए।
प्राप्त समाचारों के अनुसार भारत प्रशासित कश्मीर राज्य के पुलिस प्रमुख डॉक्टर शेशपाल वैद ने मंगलवार की सुबह ट्वीट करके बताया है कि घाटी के हिन्दूवाड़ा क्षेत्र में अलगाववादी गुट लश्करे तैयबा से जुड़े तीन पाकिस्तानी छापामार सेना के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए हैं।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को घाटी के बांदीपूरा क्षेत्र में सेना के एक सर्च अभियान के दौरान, 6 कश्मीरियों और एक भारतीय सैनिक की मौत हो गई थी जबकि दो सैनिक घायल भी हुए थे। भारतीय सेना के सर्च अभियान के दौरान मारे गए आम कश्मीरी नागरिकों के समर्थन में सैकड़ों की संख्या में कश्मीरी सड़को पर उतर आए। उन्होंने जमकर भारतीय सेना और केंद्र सरकार के ख़िलाफ़ नारे लगाए।
इस बीच ख़बरों के मुताबिक़ प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया जिसके कारण कई कश्मीरी नागरिकों के घायल होने की सूचना है। (RZ)