कश्मीर में संघर्ष जारी, 4 हताहत 3 घायल, रेल सेवाएं बंद
दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ हुई झड़पों में लश्करे तैयबा के तीन छापामारों के मारे जाने के बाद सुरक्षा कारणों से रेल सेवाओं को बंद कर दिया गया है।
प्राप्त समाचारों के अनुसार भारत प्रशासित कश्मीर के ज़िला कोलगाम में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर छापामारों और भारतीय सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन अलगाववादी सहित एक सैन्य अधिकारी के हताहत होने की सूचना है जबकि तीन अन्य सैनिक घायल भी हुए हैं।
दूसरी ओर आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक़, सोमवार को कोलगाम ज़िले के बूनेगाम काज़ीगुंड में छापामारों ने भारतीय सैनिकों के काफ़ले पर हमला करके कई सैनिकों को घायल कर दिया। ख़बरों के अनुसार इस हमले में तीन सैनिकों की हालत गंभीर है जिन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है।
इस बीच दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में लशकरे तैयबा के तीन छापामारों के मारे जाने के बाद पूरे घाटी में स्थिति तनावपूर्ण हो गई है जिसके बाद स्थनीय प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से रेल सेवाओं को बंद कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि कश्मीर घाटी में रेल सेवाओं का जारी वर्ष में आंशिक रूप से बंद होने की यह 46वीं घटना है। पिछले साल, घाटी में सुरक्षा कारणों से 6 महीने तक रेल सेवाओं को निलंबित रखना पड़ा था।
इस बीच, लश्करे तैयबा ने भारतीय सेना के काफ़ले पर हमले की ज़िम्मेदारी स्वीकार कर ली है। स्थानीय मीडिया ने लश्करे तैयबा के प्रवक्ता डॉक्टर अब्दुल्लाह ग़ज़्नवी के हवाले से ख़बर दी है कि बशीर लश्करी स्क्वाड ने भारतीय सेना के काफ़ले पर हमला किया था। लश्कर के प्रवक्ता ने दावा किया है कि इस हमले में चार भारतीय सैनकों की मौत हुई है। (RZ)