कश्मीर को युद्ध का मैदान न बनाया जाए
https://parstoday.ir/hi/news/india-i56419-कश्मीर_को_युद्ध_का_मैदान_न_बनाया_जाए
कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती ने अपील की है कि जम्मू-कश्मीर राज्य को युद्ध का मैदान न बनाया जाए।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan २२, २०१८ १६:०६ Asia/Kolkata
  • कश्मीर को युद्ध का मैदान न बनाया जाए

कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती ने अपील की है कि जम्मू-कश्मीर राज्य को युद्ध का मैदान न बनाया जाए।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार भारत प्रशासित कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर राज्य की सीमा पर ख़ून की होली खेली जा रही है जिसके कारण सीमा पर रहने वाले नागरिक बहुत ही डरे हुए हैं और दयनीय जीवन व्यतीत करने पर मजबूर हैं।

पुलिस में भर्ती किए गए रंगरूटों के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच वर्तमान समय में जारी तनाव और प्रतिदिन होने वाली गोलीबारी से कश्मीर के लोग बहुत ज़्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्रियों से अपील की है कि दोनों देशों को कश्मीर को युद्ध के मैदान के तौर पर इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। मुफ़्ती ने कहा कि हम दोनों देशों से अपील करते हैं कि वे कश्मीर को दोस्ती के पुल के तौर पर इस्तेमाल करें।

भारत प्रशासित कश्मीर की मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां एक ओर भारत के प्रधानमंत्री पूरे देश के विकास की बात कर रहे हैं और देश प्रगति की ओर अग्रसर है वहीं कश्मीर राज्य में कुछ और हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सभी के लिए विकास, बेटी बचाव बेटी पढ़ाओ के नारे लगा रहे हैं, लेकिन हमारे राज्य में ख़ून बह रहा है और राज्य के लोग सीमाओं पर बंकर बनाने की मांग कर रहे हैं।

मुफ़्ती ने कहा कि आज कश्मीर के ऐसे हालात हो गए हैं कि यहां के लोग अपने-अपने घर छोड़कर भाग रहे हैं और हमारे स्कूल बंद होते जा रहे हैं। (RZ)