पाकिस्तानी गोलीबारी व गोलाबारी में भारतीय सेना को नुक़सान 4 सैनिक हताहत
राजौरी में पाकिस्तानी गोलाबारी व गोलीबारी में कैप्टन सहित सहित चार जवान मारे गए हैं।
भारत का कहना है कि पाकिस्तान ने बिना किसी उकसावे के जम्मू व कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास भारी गोलाबारी व गोलीबारी की जिसमें सेना के एक कैप्टन सहित चार जवान मारे गए।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के रविवार की शाम राजौरी जिले के भीमबेर गली क्षेत्र में नियंत्रण रेखा के पास स्थित सेना की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर भारी गोलीबारी की जिसमें सेना के एक कैप्टन सहित चार जवान मारे गए। बताया जाता है कि इससे पहले भी पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ ज़िले में गोलीबारी की थी।
भारतीय सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी सैनिकों की तरफ से की जा रही गोलीबारी के दृष्टिगत जम्मू व कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा से पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित सभी स्कूलों को तीन दिनों के लिये बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि हालात बेहद तनावपूर्ण हैं क्योंकि पाकिस्तानी सैनिकों की तरफ से गोलीबारी पिछले चौबीस घंटे से जारी थी।