गोलियां तो हम भी चला रहे हैं केवल पाकिस्तान नहींः फ़ारूक़ अब्दुल्ला
भारत नियंत्रित जम्मू व कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि गोलियां तो हम भी चला रहे हैं, सिर्फ पाकिस्तान की ओर से फाएरिंग नहीं की जा रही है।
फ़ारूक़ अब्दुल्ला ने मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि क्या केवल पाकिस्तान की ओर से फ़ायरिंग की जा रही है? गोलियां तो हम भी चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों ओर से एसा हो रहा है।
फ़ारूक़ अब्दुल्ला ने कहा कि इस प्रकार के कार्य से तो युद्ध की स्थिति बनेगी। उन्होंने कहा कि युद्ध, किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। नैश्नल कांफ़्रेंस के प्रमुख ने कहा कि आपसी शांति के लिए पहल की शुरूआत नई दिल्ली को करनी चाहिए।
जनसत्ता के अनुसार जम्मू व कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह बात उस समय कही जब उनसे पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम की घटना पर प्रतिक्रिया मांगी गई। उन्होंने पत्रकारों के प्रश्नों का जवाब देते हुए कहा कि भारत और पाकिस्तान, दोनों तरफ से लोग मर रहे हैं और जवानों की जानें जा रही हैं। ऐसा समय कब आएगा जब यह खत्म होगा? फ़ारूक़ अब्दुल्ला का कहना था कि भारत और पाकिस्तान के बीच वार्ता के माध्यम से ही सारे मुद्दों का समाधान किया जा सकता है।