नियंत्रण रेखा पर फ़ायरिंग, 2 भारतीय सैनिकों की मौत
भारत प्रशासित कश्मीर के राजोरी ज़िले में स्थित नियंत्रण रेखा के सुन्दर बनी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की ओर से की गई गोलीबारी के परिणामस्वरूप भारतीय सेना के दो जवानों की मौत हो गई है।
भारत के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार की शाम पांच बजकर 15 मिनट पर एलओसी के सुन्दर बनी सेक्टर में स्थित भारतीय सेना की चौकियों पर गोलीबारी की और मोर्टार गोले दाग़े। पाकिस्तान की ओर से की गई फ़ायरिंग में भारतीय सेना के दो सैनिक विनोद सिंह और जॉकी शर्मा की मौत हो गई।
भारत के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा कि पाकिस्तान की और से की गई गोलीबारी के जवाब में हमारे सैनिकों ने भी फ़ायरिंग करके पाकिस्तानी सेना का मुंहतोड़ जवाब दिया है।
उल्लेखनीय है कि भारत और पाकिस्तान के बीच 1999 में संघर्ष के बाद वर्ष 2003 में दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम का समझौता हुआ था। लेकिन संघर्ष विराम समझौते के बावजूद दोनों देशों की सीमा पर फ़ायरिंग की घटनाएं आए दिन होती रहती हैं और साथ ही दोनों देश एक-दूसरे पर संघर्ष विराम के उल्लंघन का आरोप लगाते रहते हैं। (RZ)