भारतीय प्रधानमंत्री मोदी की रूसी राष्ट्रपति पुतीन से मुलाक़ात
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतीन के बीच अनौपचारिक भेंटवार्ता हुई जिसमें विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई है।
समाचार एजेंसी तास के अनुसार क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोवफ़ ने कहा है कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतीन ने बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को मज़बूत करने की प्रतिबद्धता के साथ सैन्य, तकनीक और आर्थिक सहयोग पर चर्चा की है।
रूस के दौरे पर गए भारतीय प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतीन से सूचि में मुलाक़ात के अलावा याट की सवारी का भी आनंद लिया। दोनों नेताओं ने अनौपचारिक शिखर वार्ता के दौरान कई मुद्दों पर चर्चा की और एक-दूसरे के देश को पूर्ण समर्थन देने की बात कही। इस अवसर पर मोदी ने कहा कि भारत और रूस पुराने मित्र हैं, मैं रूसी राष्ट्रपति पुतिन का आभारी हूं जो उन्होंने मुझे इस अनौपचारिक मुलाकात के लिए सूचि बुलाया।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतीन ने इस बैठक में कहा है कि दोनों देशों के रक्षा मंत्रालयों के क़रीबी सहयोग से उनके बीच उच्च रणनीतिक स्तर की साझेदारी बनी हुई है। पुतिन ने कहा कि हमारे रक्षा मंत्रालय एक-दूसरे के साथ काफ़ी क़रीबी संपर्क और सहयोग बनाए रखते हैं, जो दोनों देशों के बीच एक उच्चस्तरीय रणनीतिक साझेदारी का उल्लेख करता है। (RZ)