भारत, ईरान से अधिक तेल ख़रीदेगा
भारतीय तेल कंपनी भारत पेट्रोलियम ने जून के महीने में ईरान से दस लाख बैरल अधिक तेल ख़रीदने की अपील की है।
शुक्रवार की रोइटर्ज़ की रिपोर्ट के अनुसार ईरान की नेश्नल तेल कंपनी से भारत पेट्रोलियम की अधिक मात्रा में तेल की ख़रीदारी की अपील से पता चलता है कि यह कंपनी अगले नवम्बर तक ईरान के तेल विभाग पर अमरीका की ओर से पुनः प्रतिबंध लगाए जाने से पहले ईरान से अपनी तेल की ख़रीदारी को बढ़ाना चाहती है।
अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने 8 मई को ईरान के ख़िलाफ़ झूठे दावे दोहराते हुए परमाणु समझौते जेसीपीओए से वॉशिंग्टन के निकलने का एलान किया और और ईरान के ख़िलाफ़ 3 से 6 महीने के भीतर परमाणु पाबंदियां दोबारा लगाने की बात कही।
एक जानकार सूत्र ने रोइटर्ज़ को बताया कि वर्तमान समय में ईरान के कच्चे तेल की अपनी अलग विशेषता है और यह दूसरे कच्चे तेलों से अधिक सफल है।
भारत, चीन के बाद ईरान के तेल का दूसरा सबसे बड़ा ख़रीदार है। नई दिल्ली, ईरान के विरुद्ध अमरीका के पहले के प्रतिबंधों के बावजूद ईरान से तेल की ख़रीदारी जारी रखे हुए है।
इसी बीच भारत सरकार के एक अधिकारी ने बताया है कि भारत के वित्त, पेट्रोलियम और विदेशमंत्रालय एक एक प्रतिनिधि मंडल यूरोप का एक सप्ताह का दौरा करेगा ताकि अमरीकी प्रतिबंधों के बावजूद ईरान से व्यापारिक लेनदेन के उपायों पर विचार विमर्श कर सके।
ज्ञात रहे कि ईरान के विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ सोमवार को एक उच्च स्तरीय राजनैतिक व आर्थिक शिष्टमंडल के साथ नई दिल्ली पहुंचे थे और मंगलवार की सुबह स्वदेश लौटे।
परमाणु समझौते का ब्रिटेन, फ़्रांस, जर्मनी, रूस, चीन और योरोपीय संघ की ओर से समर्थन के एलान के साथ ही परमाणु समझौते जेसीपीओए को जारी रखने के उद्देश्य से इस समझौते के संयुक्त आयोग की बैठक अमरीका के बिना, शुक्रवार 25 मई को वियना में आयोजित हुयी। (AK)