कठुआ बलात्कार मामले में सात अभियुक्तों पर आरोप तय
भारत नियंत्रित जम्मू कश्मीर के कठुआ बलात्कार और हत्या मामले में पठानकोट कोर्ट ने आरोप तय कर दिए हैं।
कठुआ जिले में आठ साल की बच्ची के बलात्कार और हत्या के मामले में जिला और सत्र अदालत ने गुरुवार को आठ में से सात अभियुक्तों के खिलाफ आरोप तय किए। आठवां अभियुक्त किशोर है। 15 पृष्ठों की चार्जशीट में कहा गया है कि बंजारा अल्पसंख्यक समुदाय की लड़की का इस साल 10 जनवरी को अपहरण किया गया और उसे बंधक बनाकर रखा गया तथा एक छोटे से गांव के मंदिर में बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गई। उसे चार दिन तक नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश भी रखा गया।
अदालत में इस मामले की सुनवाई 31 मई को शुरू हुई। ज्ञात रहे कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई जम्मू से बाहर करने का आदेश देने के बाद सातों अभियुक्तों को ज़िला और सत्र जज के सामने पेश किया गया। सुप्रीम कोर्ट ने पीडि़त पक्ष की अपील के बाद इस मामले को जम्मू कश्मीर से पंजाब के पठानकोट स्थानांतरित करने का आदेश दिया था। शीर्ष अदालत ने इस मामले की सुनवाई इन कैमरा और दैनिक आधार पर करने का निर्देश दिया था। (ak)