कश्मीरी छापामारों का पुलिस कैम्प पर हमला, दो पुलिसकर्मी हताहत
https://parstoday.ir/hi/news/india-i64786-कश्मीरी_छापामारों_का_पुलिस_कैम्प_पर_हमला_दो_पुलिसकर्मी_हताहत
भारत प्रशासित कश्मीर के पुलवामा क्षेत्र के कोर्ट परिसर की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर छापामारों ने हमला करके दो पुलिसकर्मियों को मौत के घाट उतार दिया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun १२, २०१८ १५:०७ Asia/Kolkata
  • कश्मीरी छापामारों का पुलिस कैम्प पर हमला, दो पुलिसकर्मी हताहत

भारत प्रशासित कश्मीर के पुलवामा क्षेत्र के कोर्ट परिसर की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर छापामारों ने हमला करके दो पुलिसकर्मियों को मौत के घाट उतार दिया है।

श्रीनगर से हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के मुताबिक़ मंगलवार सुबह कश्मीर घाटी के पुलवामा ज़िले के कोर्ट परिसर में छापामारों ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया जिसके परिणामस्वरूप दो पुलिसकर्मी हताहत हो गए हैं जबकि 10 अन्य के घालय होने की सूचना है।

छापामारों के हमले के बाद सुरक्षा बलों ने कोर्ट परिसर को पूरी तरह अपने घेरे में ले लिया और दोनों ओर से भीषण गोलीबारी होने लगी। इससे पहले रविवार को भी कुपवाड़ा ज़िला में सशस्त्र छापामारों और भारतीय सुरक्षा बलों के बीच हुई झड़प में 6 छापामार मारे गए थे।

ताज़ा जानकारी के मुताबिक़, हमले की जगह को खाली करा लिया गया है और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है जबकि इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सख़्त तनाव पैदा हो गया है। उल्लेखनीय है कि कश्मीर घाटी में अलगावादियों और सुरक्षा बलों के बीच ऐसे समय में ख़ूनी झड़प हुई है जब भारत सरकार ने रमज़ान के पवित्र महीने में संघर्ष विराम की घोषणा कर रखी है।

दूसरी ओर कश्मीर के अनंतनाग इलाक़ें में मंगलवार की ही सुबह लगभग 3 बजे छापामारों ने सीआरपीएफ़ की एक टुकड़ी पर ग्रेनेड से हमला कर दिया जो गश्त पर थी। भारतीय सेना का कहना है कि इस हमले में सीआरपीएफ़ के 10 जवान मामूली रूप से घायल हुए हैं। (RZ)