प्रधानमंत्री मोदी गोली की ही भाषा जानते हैंः ग़ुलाम नबी
ग़ुलाम नबी का कहना है कि कश्मीर में चार आतंकियों के साथ बीस आम लोग मारे जाते हैं।
कांग्रेस के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि केंद्र सरकार की दमनकारी नीति का सबसे अधिक नुकसान कश्मीर की आम जनता को भुगतना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कश्मीर में चार आतंकियों को मारने के लिए 20 आम नागरिकों को मार दिया जाता है।
गुलाम नबी आजाद ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि सेना की कार्रवाई, नागरिकों के खिलाफ ज्यादा और आतंकियों के खिलाफ कम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को बातचीत की बजाए कार्रवाई पर यकीन हैं। उन्होंने कहा कि इसी नीति के चलते घाटी में माहौल सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। गुलाम नबी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी केवल गोली की भाषा ही जानते हैं।
ज्ञात रहे कि कश्मीर में भाजपा की ओर से पीडीपी से समर्थन वापस लेने के बाद से कश्मीर के बारे में भारत के नेताओं की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। भाजपा-पीडीपी की गठबंधन सरकार गिरने के बाद कश्मीर में राज्यपाल शासन लागू कर दिया गया है।