त्रिपुरा में हिंसा के बाद इंटरनेट सेवा बंद
भारत के त्रिपुरा राज्य में अफ़वाहों पर अंकुश लगाने के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। पूर्वोत्तरी राज्य में मोबाइल फ़ोन पर फैलने वाली अफ़वाहों के कारण भीड़ के हाथों तीन लोगों की हत्या कर दिए जाने के बाद 48 घंटों के लिए इंटरनेट और एसएमएस सेवा रोक दी गई है।
गुरुवार को त्रिपुरा में तीन लोगों को अलग अलग तीन जगहों पर मार दिया गया। इन लोगों को मवेशी चुराने या बच्चे बेचने के आरोप में मारा गया।
त्रिपुरा पुलिस की प्रवक्ता स्मृति रंजन का कहना है कि प्रशासन ने अफ़वाहों पर रोक लगाने के लिए इंटरनेट और एसएमएस सेवा बंद कर दी है।
मारे गए लोगों में एक सुकान्ता चक्रवर्ती नाम का व्यक्ति भी शामिल है जिसे अधिकारियों ने ज़िम्मेदारी सौंपी थी कि वह लोगों को अफ़वाहें फैलाने से रोके।
एक अन्य घटना में लगभग एक हज़ार लोगों की भीड़ ने उत्तर प्रदेश के व्यापारियों पर हमला कर दिया जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। भीड़ को यह शक था कि दोनों व्यक्ति बच्चों को चुराकर बेच देते हैं।
व्यापारियों ने अपनी गाड़ी एक सैनिक कैंप में दाख़िल करके जान बचाने की कोशिश की लेकिन भीड़ ने वहां भी नहीं छोड़ा और सैनिकों के रोकने के बावजूद व्यपारियों को गाड़ी से निकालकर पीटना शुरू कर दिया। इस घटना में एक सैनिक भी घायल हो गया। मारे गए व्यक्ति का नाम ज़ाहिर ख़ान था।
इससे पहले एक महिला को पीट पीट कर मारा डाला गया। उस पर भी संदेह था कि उसने बच्चों की चोरी की है।