कश्मीर में भारतीय सेना के हाथों 5 छापामारों की मौत
भारत प्रशासित कश्मीर में स्थानीय सुरक्षाबलों और छापामारों के बीच हुई भीषण झड़प में 5 छापामारों की मौत हो गई है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, भारत प्रशासित कश्मीर के दक्षिणी ज़िले शोपय्यां के उपनगरीय क्षेत्र केलौरा में शुक्रवार देर रात छापामारों और भारतीय सुरक्षाबलों के बीच हुई भीषण झड़प में एक कमांडर सहित 5 छापामार मारे गए हैं। कश्मीर से हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के मुताबिक़, भारतीय सेना, सीआरपीएफ़ और स्थानीय पुलिस के द्वारा संयुक्त रूप से चलाए जा रहे स्पेशल आपरेशन के दौरन, मिली ख़ुफ़िया जानकारी के बाद भारतीय सुरक्षाबलों ने “मलिक गंड पनजूरा शोपय्यां” नामक गांव को अपने घेरे में ले लिया। सुरक्षाबलों द्वारा की गई फ़ायरिंग के जवाब में छापामारों ने भी फ़ायरिंग की। देखते ही देखते दोनों ओर से भीषण झड़प शुरू हो गई और झड़प के आरंभ में ही छापामारों के कमांडर की मौत हो गई।
भारतीय सेना के प्रवक्ता के अनुसार, शनिवार सुबह घटनास्थल से 4 और छापामारों के शव बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि छापामारों के ख़िलाफ़ सेना, सीआरपीएफ़ और स्थानीय पुलिस का यह विशेष अभियान अभी जारी रहेगा। सेना के प्रवक्ता ने बताया कि जिस गांव में यह झड़प हुई है वहां अभी और छापामारों के होने की सूचना है। जबकि झड़प के स्थान से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए हैं। दूसरी ओर सोपूर और पुलवामा में छापामारों के मारे जाने की ख़बर फैलते ही हज़ारों की संख्या में स्थानीय लोग सड़कों पर निकल आए और उन्होंने भारतीय सेना के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाज़ी की। प्रदर्शनकारियों ने छापामारों के मारे जाने के विरोध में पूरे ज़िले में बंद का एलान भी किया है। (RZ)