कश्मीर में अशांति का क्रम जारी, 8 और कश्मीरियों की मौत
भारत प्रशासित कश्मीर में दिन प्रतिदिन सुरक्षा बलों और छापामारों के बीच झड़पें बढ़ती जा रही हैं। ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक़ भारतीय सेना द्वारा चलाए जा रहे सर्च अभियान में 8 छापामारों के हताहत होने की सूचना है।
समाचार एजेंसी तसनीम की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय सेना द्वारा घाटी में लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान छापामारों और इस देश के सुरक्षाबलों के बीच झड़पों के परिणामस्वरूप कश्मीरी युवाओं की मौतों में लगातार वृद्धि हो रही है। शुक्रवार और शनिवार को भारतीय सेना द्वारा की गई गोलीबारी में 8 छापामारों के मारे जाने की सूचना है। इस घटना के बाद पूरे कश्मीर में एक बार फिर आम जनता और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक प्रदर्शनों और झड़पों में बहुत अधिक वृद्धि देखने को मिल रही है।
कश्मीर से हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के मुताबिक़, भारतीय सेना ने कश्मीर के सोपूर इलाक़े की घेराबंदी करके सर्च अभियान में दो छापामारों को मौत के घाट उतार दिया, अभी सोपूर में आपरेशन जारी ही था कि भारतीय सुरक्षा बलों ने कुपवाड़ा क्षेत्र में भी एक अन्य सर्च अभियान के अंतर्गत 3 कश्मीरी युवकों पर शक की बुनियाद पर फ़ायरिंग करके हताहत कर दिया। इस बीच तीन अन्य छापामारों को घाटी के एक अन्य इलाक़े में हुई झड़पों में मार गिराया गया है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना पूरी घाटी में सर्च अभियान के तहत घर-घर तलाशी ले रही है। सेना अपने इस सर्च आपरेशन में गनशिप हेलीकॉप्टरों का भी प्रयोग कर रही है और साथ ही जिन इलाक़ों की घेराबंदी की जाती है उन इलाक़ों की इंटरनेट सेवाओं सहित वहां के सभी शैक्षिक केंद्रों को भी बंद कर दिया जाता है।
दूसरी ओर भारतीय सेना के सर्च अभियान और उसमें मारे जाने वाले छापामारों और कश्मीरी युवाओं के विरोध में घाटी के अधिकतर क्षेत्रों की जनता ने सड़कों पर निकलकर विरोध प्रदर्शन किए और साथ ही आम हड़ताल की घोषणा करते हुए सभी दुकानों एवं कार्यालयों को बंद रखा। ख़बरों के अनुसार शुक्रवार से पूरी घाटी में अलगाववादी नेताओं द्वारा हड़ताल के एलान के बाद सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। इस बीच विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों और सुरक्षा बलों के बीच कई स्थानों पर झड़पों की भी सूचनाएं प्राप्त हुईं हैं। (RZ)