भारत का जवाब ग़ैर कूटनैतिक और अनुचित थाः शाह महमूद क़ुरैशी
अमरीका की यात्रा पर गए पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने कहा कि भारत का जवाब बावजूद पाकिस्तान वार्ता का रास्ता बंद नहीं करेगा।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने वाशिंग्टन में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भारत का पाकिस्तान की ओर से शांति वार्ता के प्रस्ताव के बारे में दिया गया जवाब ग़ैर क़ूटनैतिक और अनुचित था और भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का स्वर और जवाब उनके ओहदे के अनुरूप नहीं है।
संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा के अधिवेशन में भाग लेने के लिए अमरीका गए हुए पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने कहा कि हमने वार्ता की इच्छा ज़ाहिर की क्योंकि हम समझते हैं कि यही विवेकपूर्ण रास्ता है लेकिन पहले उन्होंने हामी भरी और फिर पीछे हट गए।
ज्ञात रहे कि महासभा के अधिवेशन के दौरान शुरू में भारत और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की मुलाक़ात तय थी लेकिन इस मुलाक़ात पर सहमति के बाद भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से मुलाक़ात रद्द कर दिए जाने की घोषणा कर दी गई।
भारत की ओर से कहा गया कि मुलाक़ात के एलान के बाद घटित होने वाली कुछ घटनाओं से पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री इमरान ख़ान का असली चेहरा सामने आ गया और अब न्यूयार्क में दोनों विदेश मंत्रियों के बीच मुलाक़ात नहीं होगी क्योंकि इस मुलाक़ात का कोई मतलब बाक़ी नहीं रह जाता।
इस पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने विदेश मंत्रियों की मुलाक़ात रद्द होने पर निराशा जताते हुए भारतीय नेतृत्व की कड़ी आलोचना की और कहा कि वार्ता की बहाली की दावत के जवाब में भारत का नकारात्मक और घमंड से भरपूर रवैया खेदजनक है।